दुमका जिला प्रशासन के निर्देशानुसार रानीश्वर प्रखंड विकास पदाधिकारी राजेश कुमार सिन्हा ने आज बृंदाबानी पंचायत में विकास योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें जोगेन मरांडी और होपेन सोरेन के बिरसा सिंचाई कूप योजना में अनियमितताओं की शिकायत मिली,
दुमका जिला प्रशासन के निर्देशानुसार रानीश्वर प्रखंड विकास पदाधिकारी राजेश कुमार सिन्हा ने आज बृंदाबानी पंचायत में विकास योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें जोगेन मरांडी और होपेन सोरेन के बिरसा सिंचाई कूप योजना में अनियमितताओं की शिकायत मिली, जिसमें बिना कार्य किए ही सरकारी राशि निकासी की सूचना प्राप्त हुई थी।
निरीक्षण में पाया गया कि जोगेन मरांडी की योजना में मात्र 4 फीट और होपेन सोरेन की योजना में 5 फीट कार्य हुआ है, जबकि मजदूरों से पूछताछ करने पर उन्होंने बताया कि इन योजनाओं पर कार्य कुछ दिन पहले ही शुरू हुआ है। हालांकि, योजना की संपूर्ण राशि लगभग 10 से 12 महीने पहले ही निकासी कर ली गई थी।
इस मामले में पंचायत मुखिया किरण देवी, पंचायत सचिव अमित कुमार, कनीय अभियंता पुनीत कुमार साह, और ग्राम रोजगार सेवक नरेश मुर्मू के खिलाफ मनरेगा अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इन अधिकारियों पर जुर्माने के साथ-साथ निकासी गई राशि की वसूली करने का निर्देश दिया गया है। इसके अतिरिक्त, विभागीय और कानूनी कार्रवाई के लिए भी संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
निरीक्षण के दौरान प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी (मनरेगा), प्रखंड समन्वयक (आवास), कनीय अभियंता, पंचायत सचिव और रोजगार सेवक सहित कई अधिकारी उपस्थित थे। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सरकारी योजनाओं में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Comments 0